उत्तराखंड के देहरादून में अब कोरोना के बाद डेंगू का कहर बरप रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि इंदिरानगर के 17 वर्षीय युवक एवं 53 साल की महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है । उन्होंने कहा कि युवक एक अस्पताल में भर्ती रहा और अब घर पर आराम कर रहा है। वहीं महिला का भी घर पर उपचार चल रहा है। सभी मरीजों की हालत सामान्य बनी है। देहरादून में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं, हालांकि सभी मरीज अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। शहर में कुल 14 एवं इंदिरानगर में 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है ।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि सोमवार को टीम के साथ इंदिरानगर के डेंगू प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। यहां पर डेंगू लार्वा सर्वे एवं सोर्स रिडक्शन कराया गया। लोगों को जागरूक किया गया और पंफ्लेट वितरित किये गये।
कुछ जगहों पर मच्छर के लारवा पाए गए, जिसे टीम ने नष्ट कर दिया। जिले में 1 लाख 53 हजार 803 घरों का सर्वे किया जा चुका है। इसमें से 8548 घरों में मच्छर का लारवा पाया गया, जिसे टीमों ने नष्ट कर दिया।
