प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखण्ड के दौरे पर है, उन्होंने ऋषिकेश एम्स के ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया । इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों में स्थापित करीब 35 ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण भी किया।
पीएम मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और उत्तराखंड के अन्य मंत्रियों का नाम लेकर संबोधन शुरू किया। उन्होंने मंत्री धन सिंह रावत को जन्मदिवस की बधाई भी दी। पीएम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मित्र कहकर संबोधित किया। कहा कि देवभूमि विश्व के लोगों को आकर्षित करती रही है। इसे मां गंगा का आशीर्वाद मिल रहा है। आज से ही नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं और आज के दिन के मेरा यहां आकर हिमालय की धरती को प्रणाम करना धन्य भाग्य है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही ये बातें –
पीएम ने कहा उत्तराखंड की देवधरा ने मेरे जैसे अनेकों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उत्तराखंड की भूमि मेरे कर्म और मर्म की भूमि है। यहां से मेरा नाता सत्व का भी है और तत्व का भी है। कहा कि बीस साल पहले मुझे आज के ही दिन गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिली थी। जिस धरती ने मुझे स्नेह दिया है यहां आना मेरा सौभाग्य है। यहां आकर एक नई ऊर्जा मिलती है। कहा कि जहां योग और आयुर्वेद की शक्ति से जीवन को आरोग्य बनाने का समाधान हुआ है, आज वहीं से देश भर के ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ हुआ है।

उन्होंने कहा – आज मैं देवभूमि उत्तराखंड से देश के 35 राज्यों को ऑक्सीजन प्लांट का उपहार देने में गौरान्वित महसूस कर रहा हूं। प्रधानमंत्री ने कहा एक विश्वस्तरीय जांच लैब से शुरुआत करने के साथ आज हमारे पास तीन हजार विश्वस्तरीय जांच लैब हैं। कभी मास्क और दवाओं के आयात के लिए हम दूसरे देशों पर निर्भर थे। आज भारत मास्क और दवाएं निर्यात कर रहा है। पीएम ने कहा ददूरस्थ गांवों में भी वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की सुविधा पहुंची है।
उत्तराखंड जल्द ही शत-प्रतिशत पहली कोरोना डोज का पड़ाव पूरा करने वाला है। कहा कि ऑक्सीजन के निर्माण के साथ उसका ट्रांसपोर्टेशन भी मुश्किल होता है। पूर्वी भारत में सबसे अधिक ऑक्सीजन निर्माण होता है। लेकिन दूसरी लहर के दौरान उत्तर और पश्चिम भारत में ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत थी। आज देश के हर जिले के पास अपना पीएसए ऑक्सीजन प्लांट है। राज्य सरकार और केंद्र के प्रयासों से भारत में पीएम केयर्स के तहत चार हजार नए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित होंगे। हमारा देश और यहां के अस्पताल अब काफी सक्षम हो गए हैं.
भारत ने कोविन प्लेटफॉर्म बनाकर पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है कि इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कैसे होता है। पहले छह एम्स थे। आज देश में 22 एम्स हैं। सरकार का लक्ष्य है कि देश के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाए। उत्तराखंड में भी पिथौरागढ़, हरिद्वार, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। उत्तराखंड के निर्माण का सपना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पूरा किया था।
उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के लिए ढांचागत व्यवस्थाएं तैयार की जा रहीं हैं। उन्होंन कहा कि देश की सुरक्षा में उत्तराखंड की विशेष भूमिका है। सरकार की सभा योजनाओं का लाभ उत्तराखंड के लोगों को भी होगा। चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर तेजी से काम चल रहा है। चारधाम परियोजना देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत बड़ी सुविधा तो बन ही रही है, साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ रही है। हमारी सरकार, हर फौजी, हर पूर्व फौजी के हितों को लेकर भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। ये हमारी ही सरकार है जिसने वन रैंक वन पेंशन को लागू करके अपने फौजी भाइयों की 40 साल पुरानी मांग पूरी की।
उत्तराखंड की टीम अच्छा काम कर रही है। केंद्र की सरकार भी प्रदेश सरकार की पूरी मदद कर रही है। उत्तराखंड अगले तीन चार सालों में गठन के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। भाजपा सरकार का डबल इंजन प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
इसके बाद पीएम मोदी ने सभी का आभार प्रकट करते हुए अपना सम्बोधन समापन किया और मच पर उपस्थित सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए चले गए।
