यूपी – भगवंतापुर में समिति के चुनाव में बवाल, पथराव लगने से एक एसआई सहित चार घायल..

ख़बर शेयर करें -

संवाददाता “अनुज ठाकुर”की रिपोर्ट…

पीलीभीत। शनिवार को पूरनपुर की पिपरिया दुलई, भगवंतापुर सबलपुर सहित कई साधन सहकारी समितियों पर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। हालांकि कई जगह निर्विरोध अध्यक्ष भी चुने गए। संचालक और अध्यक्ष पद के लिए काफी समय से जोर आजमाइश की जा रही थी। संचालकों के चुने जाने के बाद शनिवार को साधन सहकारी समितियों पर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। भगवंतापुर की किसान सेवा सहकारी समिति पर चुनाव के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। यहां अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने पहुंचे मनप्रीत सिंह को दूसरे पक्ष ने नामांकन करने से रोक दिया। इस को लेकर विवाद होने लगा। विवाद के दौरान जमकर पथराव हुआ। बमुश्किल दूसरे पक्ष के लोगों ने समिति में घुसकर गेट बंद कर लिया और अपनी जान बचाई। पथराव के दौरान भगदड़ मच गई।

मौके पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों पर भी लोगों ने पत्थर चलाए। इसमें एसआई उदयवीर सिंह पत्थर लगने से घायल हो गए। भीड़ में किसी ने उनके सीने पर पत्थर मारा। उनके अलावा वहां मौजूद युवक करनदीप सिंह, जगतार सिंह और बलविंदर सिंह आदि भी घायल हो गए। घायलों ने बताया कि मामला बिगड़ता देख पुलिसकर्मी ने फायरिंग की तब कहीं जाकर पथराव बंद हुआ। जानकारी लगते ही सीओ सुनील दत्त और कोतवाल आशुतोष रघुवंशी फोर्स के साथ भगवंतापुर समिति पर पहुंच गए। पुलिस ने समिति के पास मौजूद भीड़ को खदेड़ दिया। तब कहीं जाकर नामांकन हो सका। पत्थरबाजी में घायल हुए करनदीप, जगतार सिंह और बलविंदर सिंह को उपचार के लिए पूरनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। करनदीप की आंख में गंभीर चोट होने पर डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए नामांकन के बाद मतदान और फिर मतगणना कराई गई। मतगणना के बाद भगवंतापुर में मनप्रीत सिंह ने जीत हासिल की।

यहां मनप्रीत सिंह अध्यक्ष और जसवंत सिंह उपाध्यक्ष चुने गए। भगवंतापुर के अलावा पिपरिया दुलई सहित अन्य समितियों पर भी नामांकन को लेकर प्रत्याशियों को और रोकने का प्रयास किया जिसको लेकर तनाव की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा समितियों पर सत्ता पक्ष के लोगों ने हावी होने का प्रयास किया जिसको लेकर विवाद की स्थिति बनी। नामांकन के लिए एक पक्ष को रोकने पर भगबंतापुर में विवाद हुआ था। फायरिंग नही हुई। पत्थरबाजी हुई। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Get Latest News Updates!

Advertisements

Ad

Most Popular